• Wed. Nov 18th, 2026

Dhamtari News

जनता के लिए,जनता के साथ

10 लीटर शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा ढोल!

Share

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई! 10 लीटर महुआ शराब जब्त,आमलोगों में चर्चा व्यप्त है विज्ञप्ति ऐसी जैसे हजारों लीटर पकड़ लिया हो!

धमतरी/जिले का आबकारी विभाग… अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबी-चौड़ी फौज… सरकारी अमला… संसाधन… और जिम्मेदारी पूरे जिले में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने की!

लेकिन जब कार्रवाई का नतीजा सामने आया, तो आंकड़ा सुनकर आप भी सोचने पर मजबूर हो जाएंगे!

जी हां… नगरी के बाजार पारा में आबकारी विभाग ने 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अब सवाल यह नहीं है कि कार्रवाई क्यों की गई, बल्कि सवाल यह है कि इतनी बड़ी कार्रवाई का बखान आखिर किस अंदाज में किया जा रहा है?

विभाग की ओर से बाकायदा प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। अधिकारियों के नाम, कर्मचारियों के नाम, कार्रवाई का पूरा विवरण और सराहनीय योगदान का भी जिक्र किया गया है।

विज्ञप्ति पढ़ने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो आबकारी विभाग ने कोई बहुत बड़ा शराब तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया हो या हजारों लीटर अवैध शराब का जखीरा पकड़ लिया हो।

लेकिन हकीकत में जब्ती कितनी हुई? महज 10 लीटर!

अब जरा सोचिए… जिस विभाग की जिम्मेदारी पूरे जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर नियंत्रण रखने की है, उसके द्वारा 10 लीटर शराब की जब्ती को इतनी बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित करना क्या अपने आप में सवाल खड़े नहीं करता?

सवाल यह भी है कि क्या आबकारी विभाग की सफलता अब सिर्फ प्रेस विज्ञप्तियों और कार्रवाई के आंकड़ों तक सिमटकर रह गई है?

जिले में अवैध शराब की बिक्री को लेकर आम लोगों के बीच लगातार सवाल उठते रहते हैं। ऐसे में विभाग को यह भी बताना चाहिए कि पूरे जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कितनी प्रभावी कार्रवाई की गई है।

क्योंकि जनता को अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबी सूची से ज्यादा दिलचस्पी इस बात में है कि अवैध शराब का कारोबार वास्तव में कितना कम हुआ है।

10 लीटर शराब पकड़ना भी कार्रवाई है, लेकिन इसे जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी सफलता बताकर पेश करने से पहले विभाग को अपने काम का व्यापक हिसाब भी जनता के सामने रखना चाहिए।

लोगो का कहना है कि साहब! प्रेस विज्ञप्ति में उपलब्धि बड़ी दिखाने से नहीं, जमीन पर अवैध शराब का कारोबार खत्म करने से विभाग की साख बनती है।

अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग आगे भी 10-10 लीटर की कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताकर सुर्खियां बटोरता रहेगा या फिर जिले में अवैध शराब के बड़े ठिकानों और नेटवर्क पर भी कोई ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *