• Mon. Nov 16th, 2026

Dhamtari News

जनता के लिए,जनता के साथ

रॉकेट और उसके चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Share

कुरूद में हुड़दंग मचाने वाले दो युवकों पर पुलिस का शिकंजा, बिना नंबर की बाइक से घूमकर करते थे गाली-गलौज और छेड़छाड़!

धमतरी जिले के कुरूद नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में उत्पात मचाने वाले दो युवकों पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कुरूद पुलिस ने दोनों युवकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवक एक बिना नंबर की बाइक में सवार होकर नगर और ग्रामीण इलाकों में घूमते थे और लोगों के साथ गाली-गलौज करने के साथ ही महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ जैसी हरकतें करते थे। इनके व्यवहार से इलाके के लोग परेशान थे और लगातार पुलिस से शिकायत कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, कुरूद थाना क्षेत्र के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों के साथ कुरूद नगर से भी पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में बताया जा रहा था कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल में सवार होकर इलाके में घूमते हैं और आए दिन हुड़दंग मचाते हुए लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इतना ही नहीं, युवकों पर लोगों को परेशान करने, गाली-गलौज और छेड़छाड़ करने के आरोप भी लगाए गए थे। वहीं, इनके खिलाफ लोगों से लूटपाट करने की शिकायतें भी सामने आई थीं।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुरूद पुलिस ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की। पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए घेराबंदी की और आखिरकार दोनों को पकड़ने में सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से बिना नंबर की बाइक भी जब्त कर ली। इसके बाद दोनों युवकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवकों की पहचान मंगल सोनवानी निवासी कुरूद और पुष्पेंद्र निवासी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड के रूप में हुई है।

इस पूरे मामले को लेकर कुरूद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों और नगरवासियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

बहरहाल, क्षेत्र में लगातार हुड़दंग और लोगों को परेशान करने की शिकायतों के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की कार्रवाई में इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर क्या जानकारी सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *