जिले में बारिश का रौद्र रूप,मेघा में नाले के तेज बहाव में बही 14 साल की बच्ची, भखारा में उफनती नदी-नाले में बही कार,एसडीआरएफ और पुलिस की टीम तलाश में जुटी, जोरा तराई में बही कार से दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया


धमतरी/क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे जगह-जगह हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। भखारा क्षेत्र में चारों ओर पानी ही पानी भर जाने से जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है।
महानदी के किनारे बसे ग्राम मेघा में बारिश के बाद स्थानीय नाले में अचानक तेज उफान आ गया। इस दौरान नाले के पास से गुजर रही 14 साल की एक बच्ची पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम नाले और आसपास के इलाके में बच्ची की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
दूसरी ओर, भखारा के ग्राम जोरा तराई में भी एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रास्ते पर बने जलभराव के बीच पानी के तेज बहाव में एक कार बहने लगी। कार में दो लोग सवार थे, जो अचानक बहाव में फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे आए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कार में सवार दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पिछले 48 घंटों से जारी बारिश के कारण भखारा और आसपास के निचले इलाकों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो चुकी हैं। क्षेत्र में चारों ओर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उफनते नालों, पुल-पुलियों और महानदी के तटीय इलाकों से दूर रहें तथा अति आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

