लीलर उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी राजकुमारी हेमंत नेताम की ऐतिहासिक जीत, विधायक ओंकार साहू से की सौजन्य भेंट; गांव के विकास पर हुई चर्चा

धमतरी/ग्राम पंचायत लीलर के सरपंच उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी श्रीमती राजकुमारी हेमंत नेताम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस का परचम लहरा दिया। चुनाव में उन्हें 778 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बुद्धेश्वर कंवर को 497 मत और नरेंद्र नेताम को 195 मत मिले।
विजय के बाद नवनिर्वाचित सरपंच राजकुमारी हेमंत नेताम ने धमतरी विधायक ओंकार साहू से सौजन्य भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान ग्राम पंचायत लीलर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक ओंकार साहू ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए गांव के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही ग्राम लीलर सहित आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर एवं आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को ग्रामवासियों के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा स्वर्गीय हेमंत नेताम के जनसेवा और विकास कार्यों के प्रति सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि लीलर की जनता ने विकास, सेवा और जनहित की राजनीति पर विश्वास जताते हुए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को अपना आशीर्वाद दिया है।
नवनिर्वाचित सरपंच राजकुमारी हेमंत नेताम ने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे गांव की जीत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायत के विकास और स्वर्गीय हेमंत नेताम के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खिलेंद्र ध्रुव ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए लीलर की जनता, सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
