• Tue. Feb 3rd, 2026

जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मिला नायाब तोहफा ‘आओ दरूद शरीफ पढ़ें’ अभियान में चमकी जाबिर की किस्मत, उमराह के लिए हुए रवाना

Share

गुलामाने मुस्तफ़ा ग्रुप की कुर्रान्दाजी में रामबाग के मो. जाबिर हुसैन का निकला नाम; जामा मस्जिद के इमाम और कमिटी ने फूलों के माला पहनाकर दुआ करने की गुजारिश

धमतरीं/”ईश्वर की इबादत और नेकी का फल इंसान को दुनिया में ही मिल जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ है धमतरी के रामबाग निवासी मोहम्मद जाबिर हुसैन के साथ। ‘गुलामाने मुस्तफ़ा ग्रुप’ द्वारा चलाए गए एक धार्मिक अभियान ने जाबिर हुसैन का मक्का-मदीना जाने का सपना सच कर दिया है। आज नम आंखों और ढेर सारी दुआओं के साथ उन्हें उमराह के लिए रवाना किया गया। देखिए यह रिपोर्ट…”

“धमतरी के रामबाग निवासी मोहम्मद जाबिर हुसैन आज अपनी किस्मत पर नाज़ कर रहे हैं। दरअसल, जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर शहर की सक्रिय संस्था ‘गुलामाने मुस्तफ़ा ग्रुप’ ने ‘आओ दरूद शरीफ पढ़ें’ अभियान चलाया था। इस मुहिम में शहर के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया और कसरत से दरूद शरीफ पढ़ा। ग्रुप ने इसे सिर्फ इबादत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसमें हिस्सा लेने वालों के लिए कुर्रान्दाजी (लकी ड्रॉ) का आयोजन भी किया।”

“इसी कुर्रान्दाजी में रामबाग के मोहम्मद जाबिर हुसैन का नाम ‘उमराह’ के मुकद्दस सफर के लिए निकला। शुक्रवार को जब वे इस पवित्र यात्रा के लिए अपने घर से निकले, तो गुलामाने मुस्तफ़ा ग्रुप के मेम्बर्स ने उनका जोरदार इस्तेकबाल किया। जाबिर हुसैन आज मुंबई के लिए रवाना हुए हैं, जहाँ से वे फ्लाइट द्वारा सीधे जद्दा (सऊदी अरब) पहुंचेंगे और उमराह की रस्में अदा करेंगे।”

“जाबिर हुसैन ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए कहा कि- ‘मेरे लिए यह बेहद खुशी और भावुक कर देने वाला पल है। मैंने सोचा नहीं था कि मेरा बुलावा इतनी जल्दी आ जाएगा। मैं गुलामाने मुस्तफ़ा ग्रुप का तहे दिल से शुक्रगुजार हूँ, जिनके जरिए मुझे अल्लाह के घर जाने का मौका मिला। मैं वहां अपने शहर और देश की अमन-चैन के लिए दुआ करूँगा।'”

“रवानगी से पहले हुए इस्तेकबालिया कार्यक्रम में शहर के उलेमा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने जाबिर हुसैन को फूलों का हार पहनाकर मुबारकबाद दी।

इस मौके पर खास तौर पर जामा मस्जिद के इमाम रहमानी रज़ा मिस्बाही साहब, नायब इमाम हाफिज तौहीद आलम, हाजी अकरम खत्री, इंजीनियर जावेद रज़ा, सलीम खान, हाजी अब्दुल रशीद खत्री, शमशाद खान, आमान रज़ा, जावेद खान, पीर खान, शोएब खान और सैय्यद नौशाद और अन्य लोग मौजूद थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *