• Thu. Jul 2nd, 2026

Dhamtari News

जनता के लिए,जनता के साथ

नकटी गाँव मे विधायक निवास हेतु गरीबो के परिवार का घर उजाड़ना गलत,मुझे नही चाहिए निवास-विधायक ओंकार साहू

Share

भाजपा सरकार गरीबों के घर उजाड़कर विधायकों के लिए कॉलोनी बनाना चाहती है, कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी – विधायक ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

धमतरी/धमतरी विधायक ओंकार साहू ने रायपुर जिले के ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखते हुए भूमि आवंटन निरस्त कर नवा रायपुर अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर विधायक कॉलोनी विकसित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीबों का आशियाना उजाड़कर विधायकों के लिए कॉलोनी बनाना अमानवीय, अन्यायपूर्ण और जनविरोधी निर्णय है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करेगी।

ओंकार साहू ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर गरीबों, किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों को उनकी पुश्तैनी जमीन और घरों से बेदखल करने का प्रयास कर रही है। जिन परिवारों ने वर्षों से अपनी मेहनत से अपना आशियाना बसाया है, उन्हें प्रशासनिक दबाव और बलपूर्वक कार्रवाई के माध्यम से हटाना संवेदनहीन शासन का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते वे सैकड़ों गरीब परिवारों का आशियाना उजाड़कर बनने वाली विधायक कॉलोनी में रहना कभी स्वीकार नहीं करेंगे। यदि विधायकों के लिए कॉलोनी बनानी है तो सरकार नवा रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन करे, न कि गरीबों के सिर से छत छीनकर अपने जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाए।

ओंकार साहू ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि क्या विकास का अर्थ अब गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाना और उनकी आवाज को दबाना रह गया है? उन्होंने कहा कि सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नकटी में भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई तत्काल रोकनी चाहिए तथा प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई हमेशा लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी। यदि भाजपा सरकार ने ग्रामीणों की आवाज को अनसुना किया, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और किसी भी गरीब परिवार के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed