• Thu. Jun 25th, 2026

Dhamtari News

जनता के लिए,जनता के साथ

धमतरी के मुख्य मार्ग में बन रहे डिवाइडर निर्माण कार्य में अनियमितता, हाशमी ने कलेक्टर से की शिकायत

Share

जिले के मुख्य मार्ग में बन रहे डिवाइडर निर्माण कार्य में अनियमितता, हाशमी ने कलेक्टर से की शिकायत,पुराना पेंट न हटाकर, सतह न खुरदरा कर सीधे साचा डाला जा रहा, अपर कलेक्टर ने जांच का आश्वासन दिया

धमतरी/शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले इंदिरा गांधी अर्जुनी चौक से श्यामतराई मंडी मोड़ तक बन रहे डिवाइडर का निर्माण कार्य घोर लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। करीब 3-4 किमी लंबे इस मार्ग पर डिवाइडर की मरम्मत, पुनर्निर्माण के नाम पर जो काम हो रहा है, वो तकनीकी मानकों को दरकिनार कर केवल खानापूर्ति जैसा दिख रहा है।

नगर पालिका निगम नवागांव वार्ड के पूर्व पार्षद अवैश हाशमी ने सोमवार को जनदर्शन में अपर कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। हाशमी ने मौके का निरीक्षण कर बताया कि मकई चौक, रत्नाबांधा चौक और आंबेडकर चौक होते हुए श्यामतराई तक जो डिवाइडर बनाया जा रहा है, उसकी बुनियाद ही गलत है। पुराने डिवाइडर पर चढ़ा पुराना वार्निश और पेंट की परत हटाई ही नहीं गई। नए कंक्रीट को पकड़ने के लिए जरूरी “चीनी हथौड़ी” से सतह खुरदरी नहीं की गई। डामर रोड की पुरानी सतह को खोदकर नींव तैयार करने के बजाय, पुराने डिवाइडर को बिना साफ किए उसके ऊपर सीधे साचा लगाकर कंक्रीट भर दी जा रही है। सीमेंट और पुरानी पेंटेड सतह के बीच कोई बॉन्डिंग नहीं बनेगी। ये निर्माण मानसून की 2-3 बारिश भी नहीं झेल पाएगा। पूर्व पार्षद हाशमी ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित एजेंसी शहरवासियों की आंखों में  धूल नहीं झोंक रहे बल्कि खुलेआम अनियमितता बरती जा रही  है। “पहले गुणवत्ताविहीन काम छिपाकर होते थे, अब तो दिन-दहाड़े, मुख्य मार्ग पर, सबके सामने बिना तकनीकी प्रक्रिया के काम किया जा रहा है। ये लापरवाही नहीं, बल्कि बेशर्मी कहा जा सकता है। हाशमी ने मांग की कि निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के इंजीनियरों से तकनीकी जांच कराई जाए और जो भी गलत काम हुआ है उसे तोड़कर मानक अनुसार नया निर्माण कराया जाए। साथ ही जिम्मेदारो पर कार्रवाई की जाए।

हाशमी की शिकायत सुनने के बाद अपर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग को मौके पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है। अवैश हाशमी के साथ हिरौदी बाई,मनोहर नेताम,शाहरुख मेमन,यशवंत सतनामी,संजय गौड़,रवि साहू,अजय पटेल,हरि राम आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *